केंद्र सरकार हिमाचल में ऑटोमेटिड एसएमएस योजना शुरू करने जा रही है।
मिड-डे-मील में घपले पर अब सरकार को एसएमएस आएगा। केंद्र सरकार हिमाचल में ऑटोमेटिड एसएमएस योजना शुरू करने जा रही है। योजना के तहत कितने बच्चे स्कूल में मौजूद रहे और कितनों ने दोपहर को निशुल्क भोजन किया। इसकी दोपहर दो बजे तक केंद्र और राज्य सरकार के पास एसएमएस के माध्यम से डिटेल पहुंच जाएगी।
हिमाचल में पायलट प्रोजेक्ट के तहत इस योजना को शुरू किया जा रहा है। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहली से आठवीं कक्षा तक 5.30 लाख बच्चे पढ़ रहे हैं। मिड-डे-मील योजना के तहत बच्चों को दोपहर का भोजन स्कूल में उपलब्ध करवाया जाता है। मिड-डे-मील के राशन, गैस में घपला होने की राष्ट्रीय स्तर पर केंद्र सरकार के पास कई राज्यों से शिकायतें पहुंच रही हैं।
कई राज्यों में तो बच्चों को दिए जाने वाले भोजन के नाम पर लाखों-करोड़ों रुपये का गोलमाल करने के मामले भी सामने आए हैं। ऐसे में केंद्र सरकार अब एसएमएस के जरिये इस योजना पर नजर रखने की तैयारी में है। इसी कड़ी में देश भर में हिमाचल प्रदेश को पायलट प्रोजेक्ट के तहत चुना गया है। यहां पर योजना की सफलता के आधार पर अन्य राज्यों में भी इसे लागू किया जाएगा।