मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के बुलावे पर हिमाचल के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ईडी कार्यालय पहुंच गए हैं। ताजा सूचना के अनुसार उनसे ईडी के जांच अधिकारियों ने पूछताछ भी शुरू कर दी है।
ANIVerified account @ANI_news
Himachal Pradesh CM Virbhadra Singh who is accused in money laundering case reaches ED office in Delhi.
वीरभद्र सिंह से इस मामले से जुड़े कई सवाल पूछे जाएंगे। इस मामले में उनके करीबी लोगों से पहले ही ईडी पूछताछ कर चुकी है। सीएम वीरभद्र सिंह बुधवार को ही दिल्ली पहुंच गए थे। उनके साथ उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह, बेटा विक्रमादित्य सिंह और मुख्य सचिव वीसी फारका भी दिल्ली गए हैं।
दिल्ली पहुंचकर सीएम ने अपने वकीलों से मिलकर मामले पर चर्चा भी की है। बता दें कि इससे पहले भी ईडी ने पहले वीरभद्र सिंह को 13 अप्रैल को बुलाया था। बैसाखी पर्व होने के कारण वह उस वक्त नहीं जा पाए।
ईडी ने उन्हें दोबारा नोटिस भेजा और 20 अप्रैल को बुलाया। ईडी ने वीरभद्र सिंह के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया है।
इसमें ईडी कुछ रिकार्ड मांग सकता है। दिल्ली हाईकोर्ट के एक फैसले के बाद वीरभद्र सिंह के खिलाफ सीबीआई ने भी संपत्ति मामले में कोर्ट में चालान पेश किया है। सीएम ने इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। ईडी मामला भी सीबीआई की छानबीन पर आधारित है।