सेंटर में युवतियों ने दिखाया अपना हुनर
चेयरपर्सन डॉ. किरण जैन के दौरे पर लगाई प्रदर्शनी
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के मालरोड स्थित इनर व्हील क्लब शिमला के वोकेशनल सेंटर में मंगलवार को हुनर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें प्रशिक्षु युवतियों ने सिलाई और मेकअप के हुनर का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम इनर व्हील क्लब शिमला की जिला चेयरपर्सन डॉ. किरण जैन के शिमला दौरे पर आयोजित किया गया। प्रदर्शनी में युवतियों ने प्रशिक्षण के दौरान तैयार किए उत्पाद प्रदर्शित किए। इनमें मॉडर्न ड्रेस, पार्टी वियर गाउन, डिजाइनर सूट, हाथों से कढ़ाई किए रुमाल और महिलाओं व पुरुषों के परिधान मुख्य आकर्षण रहे। कपड़ों पर की गई बारीक कारीगरी और युवतियों की रचनात्मकता ने सभी का ध्यान खींचा। इसके साथ ही प्रशिक्षुओं ने ब्राइडल और पार्टी मेकअप का हुनर भी प्रदर्शित किया। डॉ. किरण जैन ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर युवतियों के काम की सराहना की। इस तरह के वोकेशनल सेंटर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
हुनर सीखकर युवतियां न केवल अपने परिवार की आर्थिक मदद कर सकती हैं, बल्कि अपना व्यवसाय भी शुरू कर सकती हैं। इस दौरान डॉ. किरण जैन ने क्लब के कार्यों की रिपोर्ट का भी जायजा लिया। कार्यक्रम में क्लब की सचिव अश्मिता शुक्ला, अध्यक्ष कुशा पंडित, पूर्व अध्यक्ष निरुपमा, वोकेशनल सेंटर के प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में प्रशिक्षु महिलाएं मौजूद रहीं। इस अवसर पर क्लब की ओर से प्रशिक्षुओं को सिलाई मशीनें भी वितरित की गईं। इसके अलावा मेफिल्ड स्कूल के विद्यार्थियों को 60 ट्रैक सूट दिए गए।