भाजपा के प्रत्याशी ने 306574 मतों से रिकार्ड जीत दर्ज की है। स्थानीय विधायक सुखराम चौधरी के नेतृत्व में पांवटा भाजपा मंडल टीम ने 27517 मतों की रिकार्ड बढ़त दिलाई है।
जनसभा के दौरान सीएम जयराम ठाकुर ने बेहतर बढ़त दिलाने वाले प्रदेश के विधायकों को मंत्री पद के लिए तवज्जो देने की बात कही थी। मंडल अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी ने कहा कि जिला सिरमौर के पांवटा साहिब विस क्षेत्र से सर्वाधिक रिकॉर्ड मतों की बढ़त मिली है।
पहले स्थान पर सोलन जिले की नालागढ़ (39970), दूसरे स्थान पर अर्की (29454) रही जबकि पांवटा तीसरे स्थान पर रही है। सोलन जिले को मंत्री पद मिला चुका है।
अब चुनाव में दिन-रात मेहनत कर रिकार्ड बढ़त दिलाने पर सिरमौर के पांवटा विस क्षेत्र को मंत्री पद मिलने की पूरी उम्मीदें है। मंडल अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश से सीएम और आलाकमान से पांवटा साहिब के विधायक चौधरी सुखराम को मंत्रिमंडल में शामिल करने का आग्रह भी किया जाएगा।