महिला को कोविड अस्पताल शिफ्ट किया।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल के हमीरपुर उपमंडल में शुक्रवार को कोरोना संक्रमित दंपती और एक अन्य महिला को कोविड अस्पताल शिफ्ट करते समय नाबालिग बच्चे काफी भावुक हो गए। लोगों की सहमति के बाद तीन साल की बच्ची को भी संक्रमित माता-पिता के साथ कोविड केयर सेंटर भेज दिया गया, जबकि दूसरी चार साल की बच्ची को उसके पिता के साथ ही क्वारंटीन सेंटर में रखा गया है।
नादौन में एक परिवार को होटल, जबकि दूसरे परिवार को कॉलेज में संस्थागत क्वारंटीन किया गया था। शुक्रवार सुबह नादौन में क्वारंटीन पति-पत्नी सहित एक अन्य महिला को कोविड केयर सेंटर हमीरपुर ले जाने की प्रक्रिया शुरू हुई। कॉलेज में क्वारंटीन दंपती और उनकी 3 साल की बच्ची अहमदाबाद से आई ट्रेन से 25 मई को ऊना पहुंचे थे। यहां से इन्हें नादौन लाया गया।
यहां लिए इनके सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके चलते इन्हें कोविड केयर सेंटर लाने की तैयारी शुरू हुई, लेकिन परेशानी यह खड़ी हो गई कि बच्ची को कहां रखा जाए। काफी सोच विचार और लोगों की सहमति के बाद बच्ची को भी माता-पिता के साथ भेजने का निर्णय लिया गया। दूसरी ओर मुंबई से आई एक अन्य महिला भी पति और 4 वर्षीय बच्चे सहित 25 मई को नादौन पहुंची थी।
ये लोग अपने खर्च पर होटल में क्वारंटीन थे। पति की रिपोर्ट निगेटिव आई है। पति और उनकी बच्ची होटल में ही रुके हैं, जबकि महिला को संक्रमित होने के कारण हमीरपुर डीसीसी भेजा गया है। उधर, एसएमओ डॉ. बीएस राणा ने बताया कि दोनों परिवारों की सहमति लेकर ही निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि 25 मई को इन लोगों के सैंपल लिए गए थे।