शहरी विकास, नगर नियोजन एवं आवास मंत्री सुधीर शर्मा ने भराडी में नगर निगम के विश्राम गृह ‘द ओक’ का लोकार्पण किया। इस विश्राम गृह के निर्माण पर करीब 71 लाख रुपये की राशि खर्च की गई है।
घने जंगल में निर्मित चार मंजिल विश्राम गृह में 11 बड़े कमरे हैं। हर कमरे में बाथरूम, टॉयलेट व बालकॉनी की सुविधा प्रदान की गई है। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस विश्राम गृह के निर्माण से नगर निगम की आय में भी वृद्धि होने की संभावना है।
इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव, शहर व नगरों के सुनियोजित विकास के लिए प्रयासरत है। सरकार द्वारा यह प्रयास किया जा रहा है कि सभी नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाए।
पर्यटक स्थलों को और अधिक विकसित किया जाए। इस अवसर पर विश्राम गृह परिसर में पौधारोपण भी किया गया। उद्घाटन अवसर पर महापौर संजय चौहान, उपमहापौर टिकेंद्र पंवर, जल बोर्ड के उपाध्यक्ष हरभजन सिंह भज्जी आदि मौजूद रहे।