कुल्लू के देवसदन में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन का उद्घाटन करते केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद युवा वर्ग निराशावाद से उबरा है। आज का युवा हमें परखता है और हमारी जवाबदेही भी युवाओं से ही है। कौशल ऐसा होना चाहिए जिससे रोजगार पैदा हो। उन्होंने कहा कि आम लोगों को केंद्रीय योजनाओं से जोड़ने से विकास तो होगा ही साथ ही संगठन का विस्तार भी होगा।
जन-धन और मुद्रा योजना के तहत कार्यकर्ता पात्र लोगों से सीधा संपर्क करें। छोटी-छोटी टोलियों में कार्यकर्ता घर-घर जाकर पात्र लोगों को ढूंढें और उन्हें योजनाओं से जोड़ें। इससे कार्यकर्ताओं में भी नेतृत्व क्षमता बढ़ेगी। केंद्रीय राज्य मंत्री कुल्लू में भाजपा के विकास पर्व समारोह में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
केंद्र सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर कुल्लू के देवसदन में विकास पर्व के दौरान जितेंद्र सिंह ने मोदी सरकार की योजनाओं का बखान किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता से काम कर रही है।
मोदी ब्रांड का नाम बिक रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक टिप्स देते हुए कहा कि जन-धन योजना और मुद्रा योजना संगठन के विस्तार और विकास के काम आएंगी। सत्यापन से छूट मोदी सरकार का क्रांतिकारी कदम है।
जून माह में शुरू होगी द्रंग नमक खान: रामस्वरूप
कुल्लू पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
इससे पहले जिला परिषद भवन कुल्लू में नेहरू युवा केंद्र की ओर से बदलते भारतीय परिदृश्य में कुल्लू के युवाओं की पहल एवं योगदान विषय पर आयोजित युवा सम्मेलन में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ जितेंद्र ने शिरकत की।
इस मौके पर सांसद रामस्वरूप शर्मा, विधायक जयराम ठाकुर, विधायक गोविंद ठाकुर, विधायक विनोद, पूर्व विधायक खिमी राम, राज्य प्रवक्ता अजय राणा, प्रदेश महासचिव राम सिंह समेत कुल्लू व मंडी जिला के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विकास पर्व में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सांसद रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि जून में द्रंग नमक खान शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए सभी प्रकार की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि रोहतांग टनल 6300 मीटर खोदी जा चुकी है और रोजाना केंद्र सरकार अधिकारियों से टनल की रिपोर्ट ले रही है।