17वीं लोकसभा के 6 जून से शुरू होने जा रहे पहले सत्र में नवनियुक्त केंद्रीय वित्त और कॉरपोरेट अफेयर्स राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर बतौर मंत्री सदन में बैठेंगे। यह पल न केवल अनुराग ठाकुर के लिए ऐतिहासिक होगा, बल्कि राज्य के दो बार मुख्यमंत्री रहे प्रेम कुमार धूमल के परिवार के लिए भी गौरवमयी रहेगा। साक्षरता में अव्वल जिला हमीरपुर से अनुराग ठाकुर पहले मंत्री हैं, जिन्हें केंद्र सरकार में जगह मिली है।
इस सत्र में भाग लेने से पूर्व वित्त और कॉरपोरेट अफेयर्स मंत्रालय के कामकाज को समझने में अनुराग ठाकुर अभी से जुट गए हैं। शपथ ग्रहण समारोह के बाद भी वह हमीरपुर नहीं लौटे हैं और दिल्ली में रहकर केंद्र सरकार को पूरा समय दे रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए अनुराग 24 मई को हमीरपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। संसद के पहले सत्र के चलते अनुराग ठाकुर 16 जून तक दिल्ली में ही रुकेंगे।
इसके बाद वह अपने संसदीय क्षेत्र हमीरपुर आएंगे। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की जनता अनुराग ठाकुर के स्वागत के लिए पलकें बिछाए बैठी है। जिला भाजपा ने भी अपने मंत्री के स्वागत के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। उधर, जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल ठाकुर ने कहा कि अनुराग ठाकुर का हमीरपुर पहुंचने पर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया जाएगा। हमीरपुर दौरे का शेड्यूल फाइनल होने के बाद फूलों और मिठाई के ऑर्डर दिए जाएंगे।
ये रह चुके हैं हिमाचल से केंद्र में मंत्री
बिलासपुर से जगत प्रकाश नड्डा, कांगड़ा से शांता कुमार, मंडी से पंडित सुखराम शर्मा, शिमला से वीरभद्र सिंह, आनंद शर्मा, चंद्रेश कुमारी (जोधपुर से सांसद के दौरान) केंद्र सरकार में कैबिनेट और राज्य मंत्री पद पर सेवाएं दे चुके हैं।