आंध्र प्रदेश, लखनऊ और गुजरात के यात्रियों ने शिमला रेलवे स्टेशन को अव्वल करार दिया। मौका था पैसेंजर सर्विस कमेटी द्वारा शिमला रेलवे स्टेशन के निरीक्षण का। पैसेंजर सर्विस कमेटी के चेयरमैन रमेश चंद्र रतन ने दो अन्य सदस्यों के साथ रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने यहां मौजूद यात्रियों से फीडबैक भी लिया। करीब डेढ़ घंटे तक कमेटी के सदस्य रेलवे स्टेशन पर मौजूद रहे। इस दौरान रेलवे स्टेशन के वेटिंग रूम, रिटायरी रूम, पार्सल कार्यालय, एचपीटीडीसी के पर्यटक सूचना केंद्र और बुकिंग कार्यालय में भी व्यवस्थाएं जांची गईं।
कमेटी चेयरमैन रमेश चंद्र ने रेलवे स्टेशन में आपातकालीन स्थिति के लिए पैसेंजर रेसक्यू प्लान की भी जानकारी ली। इस दौरान अंबाला मंडल के सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर हरि मोहन और डिविजन के अन्य अधिकारी निगम महापौर कुसुम सदरेट और फागली के पार्षद जगजीत सिंह बग्गा भी मौजूद रहे।
वीआईपी कोच छोड़ जनरल कोच में किया सफर
बीते शुक्रवार को पैसेंजर सर्विस कमेटी के चेयरमैन रमेश चंद्र रतन ने कालका रेलवे स्टेशन का दौरा किया। इसके बाद वह शिवालिक एक्सप्रेस से कालका से शिमला रवाना हुए। ट्रेन में अपनी वीआईपी सीट छोड़ इन्होंने जनरल डिब्बे में सफर किया और यात्रियों से बातचीत कर उन्हें पेश आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी ली। शिमला आते हुए उन्होंने धर्मपुर, बड़ोग, सोलन और कैथलीघाट स्टेशनों का भी निरीक्षण किया।