मंडी में ग्रेट खली के रेसलिंग शो के सफल आयोजन से उत्साहित युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद ठाकुर आलोचकों पर फिर भड़क उठे हैं। प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि कुंठा में की आलोचना का अकसर बैकफायर होता है। आलोचना तथ्यों पर आधारित हो तो हमारा मार्ग प्रशस्त करती है।
उन्होंने कहा कि बीते कल तक खली की खिलाफत करने वालों को अब उनके प्रति प्रेम जागृत हो रहा है। इससे साफ है कि सरकार नेक इरादों और स्पष्ट सोच के साथ आगे बढ़ रही है। खेल मंत्री ने कहा कि सरकार ने प्रदेश को हर क्षेत्र में शिखर पर ले जाने का जो संकल्प लिया है, उसे पूरा किया जाएगा।
वर्षों से खाली पड़े विभिन्न कोचों के पद भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। हर विस क्षेत्र में प्रति वर्ष एक उत्कृष्ट खेल मैदान बनाने की योजना शुरू की गई है। जिला मुख्यालयों में एक इंडोर खेल परिसर का निर्माण करना भी सरकार सुनिश्चित करेगी।
18 साल पुरानी खेल नीति में कर रहे हैं बदलाव- गोविंद ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की खेल व युवा नीति करीब 15 से 18 साल पुरानी है। सरकार इसे संशोधित कर रही है। खेलो हिमाचल जैसे महत्वाकांक्षी खेल कार्यक्रम केंद्र सरकार की मदद से जल्द शुरू किए जाएंगे।
प्रदेश के शीत तथा साहसिक खलों के लिए अलग नीति बनाई जा रही है। इसके लिए आधारभूत संरचना उपलब्ध करवाने के लिए केंद्र सरकार से सैद्धांतिक मंजूरी प्राप्त हो गई है। जल्द वित्तीय सहायता भी प्राप्त हो जाएगी। प्रदेश में खेल विश्वविद्यालय, खेल प्रशिक्षण केंद्र, इंडोर शूटिंग रेंज, स्कीइंग स्लोप जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।