विजेता विद्यार्थियों को दिया जाएगा नगद पुरस्कार
लेखक देवदत्त पट्टनायक, अभिनेत्री सोहैला कपूर करेंगे शिरकत संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से गेयटी थियेटर में 18 अप्रैल से कीकली चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से तीन दिवसीय मीमांसा बाल साहित्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव में प्रसिद्ध लेखक देवदत्त पट्टनायक समापन और कलाकार प्रिया कुरियन उद्घाटन सत्र में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगी।
यह जानकारी बुधवार को भाषा एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त निदेशक मंजीत शर्मा ने प्रेसवार्ता में दी। 20 अप्रैल तक चलने वाले इस उत्सव में स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों के 25 वर्ष से कम आयु वाले छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं। इसमें सभी बच्चों को खुला निमंत्रण है। जहां वह पुस्तक समीक्षा, शब्दावली कौशल, वर्ड प्ले, आर्ट कार्यशाला और प्रतियोगिताओं सहित अन्य गतिविधियों में भाग लेंगे। कीकली चैरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्ष वंदना भागड़ा ने बताया कि प्रतियोगिताओं के परिणाम 20 अप्रैल को निकलेंगे। इसमें विजेता विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
पहले दो दिन कार्यक्रम सुबह 10 से शाम 4:30 बजे तक होंगे। तीसरे दिन समापन समारोह और पुरस्कार वितरण दोपहर 2:00 बजे होगा। तीन दिन के दौरान युवा पाठक 8 पुस्तकों की समीक्षा करेंगे जिसमें लेखक और मॉडरेटर के साथ बातचीत होगी।