बोले-पंद्रह-पंद्रह हजार रुपये आ रहे हैं पानी के बिल
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। लोगों के घरों में पानी नहीं आ रहा है और हजारों रुपये के भारी भरकम बिल थमाए जा रहे है। कांग्रेस के इंजनघर वार्ड के पार्षद अंकुश वर्मा और समरहिल वार्ड से माकपा पार्षद वीरेंद्र ठाकुर ने सदन में यह सवाल उठाए।
अंकुश ने कहा कि लोगों को पहले एक हजार से पंद्रह सौ रुपये तक पानी का बिल आता था, अब पंद्रह-पंद्रह हजार रुपये बिल आ रहे हैं। पानी के मीटर पाइपों से आने वाली हवा से घूम रहे हैं। इसका उन्होंने वीडियो भी दिखाया। उन्होंने कहा कि जब टंकी में पानी ही नहीं आ रहा है, तो लोग क्यों हजारों रुपये पानी के बिल चुकाए। पार्षद के इस वीडियो के दिखाने के बाद मामला और न भड़के इसके लिए महापौर सुरेंद्र चौहान ने कंपनी के अधिकारी को इस समस्या का समाधान करने की बात कही।सदन में कैथू वार्ड की पार्षद कांता सुयाल ने वाटर एटीएम का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले सदन में भी मामला उठाने के बाद इसका समाधान नहीं हुआ। कंपनी के एजीएम बसंत राठौर ने पंद्रह दिन में इस समस्या का समाधान करने बात कही। सदन में तय हुआ कि शहर में टैक्सी यूनियन के लोग पहाड़ियाें पर सफाई अभियान चलाते हैं। इसको लेकर इन लोगों को आने वाले दिनों में सम्मानित किया जाएगा।
विज्ञापन
बरसात में गिरे पेड़ नहीं हटाए
खलीनी के पार्षद चमन प्रकाश और न्यू शिमला की पार्षद निशा ठाकुर ने कहा कि बरसात में गिरे पेड़ों को हटाने की कई बार अधिकारियों से मांग की लेकिन कुछ नहीं हुआ। यह ग्रामीण हल्के में आता है, जबकि शहरी हल्कों से इन्हें उठा दिया है। ग्रामीण हल्के के डीएफओ भी सदन में नहीं आते। महापौर ने सदन से डीएफओ को फोन कर पेड़ हटाने को कहा।
पटयोग में सफाई कर्मियों की कमी
नगर निगम के पटयोग वार्ड में सफाई कर्मचारियों की कमी है। इस कारण वार्ड में सफाई व्यवस्था चरमरा रही है। वार्ड की पार्षद आशा शर्मा ने कहा कि नगर निगम यहां पर अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति करें जिससे दिक्कतें पेश न आए।