पैकेटों की वास्तविकता का सत्यापन किया जा रहा
अब इन कंपनियों से संपर्क कर पैकेटों की वास्तविकता का सत्यापन किया जा रहा है, साथ ही बाहरी राज्यों में सप्लाई के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। बीबीएन क्षेत्र के रिहायशी मकानों और छोटे कमरों में पनप रहा नकली दवाओं का यह अवैध कारोबार एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। इससे पहले बद्दी के शीतलपुर में नामी ब्रांड के नाम पर कम कीमत में ऑर्डर लेकर अग्रिम भुगतान वसूलने का मामला सामने आया था। वर्ष 2022 में बद्दी के हनुमान मंदिर के पास बंद पड़े प्लांट से आगरा सप्लाई की जा रही नकली दवाओं के मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया था। प्रदेश में अब तक नकली दवा निर्माण के 12 मामले पकड़े जा चुके हैं, जिनमें 21 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
मामले में तीसरे आरोपी अभी पहुंच से दूर
राजपुरा मामले में ड्रग विभाग ने झारखंड निवासी मोनू कुमार और उत्तर प्रदेश निवासी मोहम्मद हसीन को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी पकड़ से बाहर है। दोनों आरोपियों को 23 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि सप्लाई नेटवर्क और अन्य पहलुओं की गहन जांच की जा सके। फरार तीसरे आरोपी की धरपकड़ के लिए भी दबिश दी जा रही है।
92 इकाइयों के दवा बैच गुणवत्ता जांच में फेल
केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन की सितंबर की रिपोर्ट में देशभर के 330 दवा नमूने गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। इनमें हिमाचल प्रदेश की 92 इकाइयों के बैच भी शामिल बताए गए हैं। राज्य औषधि नियंत्रण प्रशासन ने संबंधित बैचों का इस्तेमाल रोकने और संबंधित इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
दवा खरीदते समय बरतें सावधानी
ड्रग कंट्रोलर डॉ. मनीष कपूर ने आम लोगों से दवा खरीदते समय बैच नंबर, निर्माण तिथि और समाप्ति तिथि जांचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दवाएं केवल अधिकृत मेडिकल स्टोर से पक्के बिल के साथ ही खरीदें। किसी भी संदिग्ध दवा या प्रतिकूल प्रभाव की स्थिति में डॉक्टर से संपर्क करें और स्थानीय औषधि नियंत्रक या पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दें।