केंद्र सरकार को सोलन जिले के नालागढ़ में 265 एकड़ भूमि पर 261 करोड़ की लागत से चिकित्सा उपकरण पार्क स्थापित करने का प्रस्ताव भेजा गया है। इससे लगभग चार हजार से पांच हजार करोड़ रुपये का निवेश सुनिश्चित होगा और लगभग 20 हजार करोड़ का कारोबार होने के साथ-साथ लगभग 10 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। यह जानकारी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कान्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री की तरफ से चेंजिंग लैंडस्केप ऑफ इंडियन फार्मा सेक्टर विषय पर हुए वेबिनार में दी।
वेबिनार की अध्यक्षता करते हुए सीएम ने कहा कि यदि राज्य सरकार के ये दोनों प्रस्ताव सफल होते हैं तो इससे न केवल प्रदेश, बल्कि देश में भी फार्मा क्षेत्र को अत्यधिक लाभ होगा। सीएम ने कहा कि कोरोना ने सभी को अपनी स्वास्थ्य रणनीति पर दोबारा विचार करने के लिए विवश किया है। प्रदेश को बद्दी में एशिया का सबसे बड़ा फार्मा हब होने का गौरव प्राप्त है, जिसका श्रेय फार्मा कंपनियों को जाता है। कोविड महामारी में हिमाचल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
15 हजार युवाओं का कारोबार सुनिश्चित करेगा फार्मा हब
सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने भारत सरकार की बल्क ड्रग पार्क योजना के तहत सक्रिय रूप से बोली लगाई है और जिला ऊना में 1405 एकड़ भूमि पर इस पार्क की स्थापना के लिए 1190 करोड़ रुपये की परियोजना का प्रस्ताव भेजा है। लगभग 8 हजार करोड़ के निवेश से 50 हजार करोड़ का कारोबार सुनिश्चित होगा। यह पार्क राज्य के लगभग 15000 युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार देगा। सीएम ने कहा कि इस बारे में केंद्रीय अधिकारियों से भी बात की और प्रदेश का दावा मजबूत है।