प्रदेश हाईकोर्ट के आदेशों पर मंगलवार को नगर निकम टीम ने किया बाजारों का निरीक्षण
38 अतिक्रमणकारियों का सामान किया जब्त
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। प्रदेश हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद शहर के कई कारोबारी बाज नहीं आ रहे। नगर निगम की टीम ने मंगलवार को फिर बाजारों का निरीक्षण कर सड़क पर दुकानें सजा रहे कारोबारियों का सामान जब्त कर लिया।
अतिरिक्त आयुक्त अजीत भारद्वाज की अगुवाई में निगम की टीम दोपहर 12:20 बजे सीटीओ चौक पहुंची। इस दौरान पुलिस के जवान भी साथ रहे। निगम टीम ने उपायुक्त कार्यालय के गेट से कार्रवाई शुरू की। इसके बाद कई तहबाजारियों का सामान जब्त किया। कई तहबाजारी सामान उठाकर भाग गए। कारोबारी भी सड़क पर सजा सामान समेटने लगे। साढ़े 12 बजे साइबर कैफे के बाहर सामान सजाए बैठे तहबाजारियों को भी निगम ने उठा दिया। बुक मार्केट के कई विक्रेताओं को चेतावनी दी गई।
टीम आगे बढ़ी तो लोअर बाजार से मालरोड को जोड़ने वाली सीढ़ियों पर एक होलसेलर ने सामान के बड़े-बड़े बॉक्स रखे हुए थे। सीढ़ियों पर पैदल चलने की जगह तक नहीं थी। निगम कर्मचारियों ने एक-एक कर कई बॉक्स गाड़ी में डाल दिए। इसे देख यहां से गुजर रहे लोग भी खुश देख। कारोबारी को चेतावनी दी कि यदि अब सीढ़ियों पर सामान रखा तो सख्त कार्रवाई होगी। 12: 40 बजे लोअर बाजार टनल के गेट पर कपड़े की सेल लगा रहे कारोबारियों का सामान भी जब्त किया गया।
12:50 बजे पर नगर निगम की टीम रामबाजार के एंट्री प्वाइंट पर पहुंची। यहां दोनों ओर कारोबारियों ने सामान लटका रखा था। इसे हटाया गया। गंज में मंदिर परिसर के बाहर सीढ़ियों और रास्ते पर सजा सामान भी जब्त किया गया। अचानक टीम को देख कारोबारियों में अफरा तफरी मच गई। कुछेक तो रास्ते पर रखा सामान भी नहीं समेट पाए। एक बजे नगर निगम की टीम रामबाजार पहुंची और जगह-जगह पैदल रास्ते से सामान हटाया। रामबाजार में भी सड़क के दोनों ओर से अतिक्रमण हटाया गया। बाजार में एक कारोबारी का सड़क पर एक फुट आगे तक कब्जा कर स्लैब भी डाला मिला। इस पर सामान भी सजा था। निगम टीम यह देखकर हैरान थी। बसस्टैंड तक निगम की कार्रवाई जारी रही। निगम कर्मचारियों ने जब्त किया सामान पीठ पर उठाकर गाड़ी तक पहुंचाया। जब्त किए सामान से निगम की दो पिकअप गाड़ियां भर गईं।
लोग बोले, सड़कों की
रोज होनी चाहिए सफाई
शहर में नगर निगम की लगातार कार्रवाई से कई कारोबारी नाराज भी हैं। लेकिन आम जनता को इससे राहत मिली है। सैलानियों के शिमला आने से बाजारों में पहले ही काफी भीड़ है। अब कारोबारियों और तहबाजारियों के सड़क पर सामान सजाने से पैदल चलना तक मुश्किल हो रहा है। कार्रवाई के दौरान कई जगह लोगों ने निगम की टीम को आने वाले दिनों में भी सख्ती जारी रखने को कहा। अतिरिक्त आयुक्त अजीत भारद्वाज ने कई जगह कारोबारियों से हाथ जोड़कर अपील की कि सामान सड़क पर न सजाएं। नगर निगम ने कुल 38 कारोबारियों का सामान जब्त किया। बाद में इन्हें जुर्माना देकर सामान लौटाया गया।