गर्मी के दस्तक देते ही नगर निगम ने शहर में भवन निर्माण के लिए पानी के कनेक्शन देने पर 31 जुलाई तक प्रतिबंध लगा दिया है। पहली मई से यह प्रतिबंध लागू होगा।
इसके तहत शहर में पहले से चल रहे एक हजार से अधिक कंस्ट्रक्शन कनेक्शन भी बंद कर दिए जाएंगे। टूरिस्ट सीजन तथा गर्मियों के मौसम के चलते शिमला में पानी की सुचारु सप्लाई बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया है।
गर्मी के मौसम में शहर में जलापूर्ति व्यवस्थित रखने के लिए नगर निगम ने एहतियात कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। प्राथमिक तौर पर नगर निगम ने 31 जुलाई तक भवन निर्माण के लिए पानी के नए कनेक्शन देने पर रोक लगाई है।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने पानी के नए कनेक्शनों के लिए आवेदन कर रखा है उन्हें अगस्त में ही पानी की सप्लाई हो सकेगी। इतना ही नहीं नगर निगम ने शहर में निर्माण कार्यों के लिए दिए करीब एक हजार कनेक्शनों को भी बंद करने के आदेश दिए हैं। अब नगर निगम बरसात में ही निर्माण कार्यों के लिए पानी उपलब्ध करवाएगा।
घरेलू कनेक्शनों पर नहीं होगा प्रतिबंध
गर्मियों के मौसम में घरेलू उपभोक्ताओं को पानी के नए कनेक्शन मिलते रहेंगे। रोक सिर्फ भवन निर्माण के कनेक्शनों पर लागू होगी। घरेलू कनेक्शन लोग ले सकते हैं।
सहायक आयुक्त प्रशांत सरकेक ने बताया कि पानी की सप्लाई सुचारु बनाए रखने के लिए कंस्ट्रक्शन के लिए पूर्व में दिए कनेक्शनों को बंद करने तथा नए कनेक्शन नहीं देने का फैसला लिया है। पहली मई से 31 जुलाई तक यह प्रतिबंध रहेगा।