हिल्स क्वीन शिमला की खूबसूरती पर दाग लगाने वालों को सबक सीखाने के लिए नगर निगम ने एक अनूठी पहल की है। नगर निगम ने इसके लिए एक खास फोर्स का गठन कर दिया है। पीएम मोदी के स्वच्छ भारत की तर्ज पर ये फोर्स बनी है। हांलाकि एमसी अपने स्तर पर ऐसा करने जा रही है मगर कहीं न कहीं मोदी का सपना इससे सच हो सकता है।
एमसी के महापौर संजय चौहान, उपमहापौर टिकेंद्र पंवर और आयुक्त पंकज राय ने रिज पर स्कूली बच्चों की ग्रीन फोर्स को लांच किया। सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा कचरा फैलाने वाले स्थानीय लोगों और सैलानियों को स्कूली बच्चे सीटी बजाकर चेतावनी देंगे।
दोबारा गंदगी फैलाते हुए पकड़े तो जुर्माना भी लगेगा। शहर के स्कूली बच्चों की टीमें नगर निगम के इस अभियान में सहयोग देगी। स्कूली बच्चों की टीम को ग्रीन फोर्स का नाम दिया है। ग्रीन फोर्स में आठवीं से लेकर जमा दो कक्षा के बच्चे शामिल किए हैं।