नगर निगम शिमला ने शनिवार को बुलाए गए स्पेशल हाउस में स्मार्ट सिटी के 2900 करोड़ के प्रपोजल को हरी झंडी दे दी। देर शाम हुई स्टेट हाई पावर स्टेयरिंग कमेटी ने भी प्रपोजल को अप्रूवल दे दी है। अब नगर निगम 31 मार्च से पहले नवरात्रों के दौरान स्मार्ट सिटी का फाइनल प्रपोजल केंद्र सरकार को सब्मिट कर देगा। देश के 49 शहरों के बीच कंपीटीशन होगा जिसमें 20 शहरों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।
अप्रैल में इसकी फाइनल सूची जारी कर दी जाएगी। परियोजना के तहत केंद्र सरकार शिमला शहर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए पहले चरण में 500 करोड़ देगी। 500 करोड़ रुपये की हिस्सेदारी प्रदेश सरकार और नगर निगम शिमला की होगी। स्मार्ट सिटी के लिए नगर निगम ने करीब 2900 करोड़ की प्रपोजल तैयार की है। जिसमें 244 एकड़ पर रेट्रोफिटिंग की योजना है। बाकी क्षेत्र को रिडेवलपमेंट के लिए रखा गया है।
रि-डेवलपमेंट प्रपोजल के तहत होंगे यह कार्य
-डीडीयू अस्पताल के पुराने भवन का पुनर्निर्माण
-आइस स्केटिंग रिंक का जीर्णोद्धार
-ओल्ड बस स्टैंड का जीर्णोद्धार, पार्क व म्यूजियम का निर्माण
- कृष्णानगर मिडल स्कूल का जीर्णोद्धार
- मुख्य सड़कों के किनारे फुटपाथ, रेलिंग
- तहबाजारियों के लिए वेंडिंग एरिया
- 5000 गाड़ियों के लिए नई पार्किंग
- पानी और सीवरेज सिस्टम में बदलाव
रेट्रोफिट प्रपोजल के तहत होंगे यह कार्य
-53 बस स्टॉपों का डेवलपमेंट
-कार्ट रोड से मालरोड तक एस्केलेटर, लिफ्ट
-बिजली और टेलीफोन की फाइबर केबल से अंडरग्राउंड डक्टिंग
-कार्ट रोड, संजौली, ओल्ड बस स्टैंड, छोटा शिमला से कसुम्पटी रोड की वाइडनिंग
-42 बावड़ियों का संरक्षण और 67 नालों की चैनलाइजेशन
-रेलवे लाइन का सुधार
-मालरोड और लोअर बाजार के एतिहासिक महत्व के भवनों की रेट्रोफिटिंग
- टॉय ट्रेन, ट्रॉम चलाने की योजना, टनल भी बनेंगी
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत नगर निगम ने शहर में टॉय ट्रेन या ट्रॉम चलाने की भी योजना बनाई है। चक्कर-बालूगंज से सीटीओ, संजौली से आईजीएमसी और छोटा शिमला से शिमला क्लब तक टॉय ट्रेन या ट्रॉम का संचालन प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त लिफ्ट से लक्कड़ बाजार और आईजीएमसी से पंप हाउस तक और ढली तक टनल का निर्माण प्रस्तावित है। ढली में बस स्टैंड का निर्माण, टूटीकंडी में बस पार्किंग की योजना है।
पब्लिक प्लेस में फ्री वाई-फाई, सीसीटीवी कैमरे भी लगेंगे
स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शहर में पब्लिक प्लेस पर फ्री वाई-फाई जोन विकसित करने की भी योजना बनाई गई है। सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। कार्ट रोड, ओल्ड बस स्टैंड, छोटा शिमला, कसुम्पटी और संजौली रूट पर क्रॉस सेक्शन बनाने की योजना है। ट्रैफिक को व्यवस्थित करने के लिए एटीएमएस (एडवांस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) लागू करने का भी प्रस्ताव है।
प्रोजेक्ट के तहत यह भी होंगे काम
लोअर बाजार में आधुनिक सब्जी मंडी का निर्माण, कार्ट रोड का विस्तारीकरण, इको टूरिज्म डेवलपमेंट के तहत 14 फोरेस्ट ट्रेल, सभी प्रकार की पेमेंट के लिए कामन कार्ड, भवनों में सोलर पैनल, ओपन स्पेस, ट्रैफिक पुलिस बूथ, एलईडी ट्रैफिक लाइट, हाई मास्ट लाइट, स्ट्रीट लाइट, साइनेजिस, फुट ओवर ब्रिज, ई-टॉयलेट, बाइक शेयरिंग, साइकिल स्टैंड, वाटर पाइप फॉर फायर फाइटिंग सिस्टम विकसित करने की योजना है।