वित्त संविदा समिति की बैठक में प्रस्ताव पर सहमति, एमसी हाउस लेगा अंतिम फैसला
400 रुपये मासिक दोपहिया वाहनों के चुकाने होंगे
800 रुपये मासिक शुल्क चौपहिया वाहनों का होगा
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में नगर निगम की सड़क पर लगी येलो लाइन पार्किंग में अब लोगों को गाड़ियां खड़ी करने के एवज में शुल्क देना होगा। नगर निगम प्रशासन इन पार्किंग को ठेके पर देकर शुल्क वसूलेगा। सोमवार को महापौर सत्या कौंडल की अध्यक्षता में हुई वित्त संविदा एवं योजना समिति की बैठक में इस पर चर्चा हुई।
निगम प्रशासन की ओर से तैयार किए प्रस्ताव के अनुसार दो पहिया वाहनों से 400 रुपये जबकि चौपहिया वाहनों से 800 रुपये मासिक शुल्क लिया जाएगा। पार्किंग शुल्क पर नगर निगम सदन में ही अंतिम फैसला लिया जाएगा। समिति की बैठक में निगम प्रशासन ने बताया कि सिर्फ नगर निगम की सड़कों पर लगी येलो लाइन से ही शुल्क वसूला जाएगा।
शहर में तकरीबन हर वार्ड में निगम की सड़कों पर 40 से 50 वाहनों की येलो लाइन पार्किंग की सुविधा मिलेगी। शहरभर में कुल 1342 वाहनों के लिए येलो लाइन लगनी है। इनमें से ज्यादातर जगहों पर पहले ही गाड़ियां पार्क हो रही हैं। फर्क इतना है कि अभी येलो लाइन न होने से कई बार पुलिस इनके चालान काट देती है। अब येलो लाइन लगने से चालान का डर नहीं रहेगा और लोग मासिक शुल्क देकर पार्किंग का इस्तेमाल कर पाएंगे। लेकिन इस सुविधा के एवज में शुल्क देना होगा।
बैम्लोई समेत कई जगहों पर पहले से ही येलो लाइन पार्किंग का शुल्क लिया जा रहा है। समिति ने फैसला लिया कि येलो लाइन पार्किंग ठेके पर दी जाएगी। ठेकेदार ही इसका संचालन करेगा। बैठक में पार्षद पूरनमल के प्रस्ताव पर लोअर खलीनी में फौजी शॉप के पास करीब 11 लाख रुपये की लागत से हाईमास्ट लाइट लगाने को भी मंजूरी दी।
भर्ती-पदोन्नति नियम बनाने का प्रस्ताव मंजूर
समिति ने नगर निगम में प्रशासनिक अधिकारियों के लिए भर्ती एवं पदोन्नति नियम बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। शहर के शांति विहार वार्ड में 18.12 लाख रुपये से सार्वजनिक शौचालय बनाया जाएगा। मेयर के संजौली वार्ड में बन रहे फुटब्रिज को फुटपाथ से जोड़ने के लिए 40.69 लाख रुपये से पैदल रास्ता तैयार होगा। समिति ने दीपकमल ट्रस्ट को संकटमोचन के पास जमीन देने संबंधी एनओसी को भी मंजूरी दी। निगम के अनुसार यह नगर निगम की जमीन नहीं है।
यह फैसले भी लिए
ठेके पर देंगे रिज, मालरोड, संजौली की एलईडी स्क्रीन
टका बेंच बुक कैफे का लॉकडाउन अवधि का किराया होगा माफ
छोटा शिमला बुक कैफे चलाने पर सदन में होगा फैसला
एडवांस स्टडी क्षेत्र में फूड ट्रक लगाने का प्रस्ताव रद्द
भूमिया इस्टेट में दी जमीन की लीज होगी रिन्यू
टुटीकंडी पार्किंग संचालक को आगामी किराये में कोविड और कंपलीशन के आधार पर देंगे राहत