एचपीसीए की लालपानी स्थित क्रिकेट अकादमी के भवन को तोड़ने के लिए नगर निगम ने पांच दिन का अल्टीमेटम दिया है। सोमवार को निगम की वास्तु योजनाकार शाखा ने एचपीसीए को नोटिस जारी किया है।
नोटिस में कहा गया है कि अगर एचपीसीए ने खुद अवैध निर्माण को नहीं तोड़ा तो नगर निगम कार्रवाई करेगा। भवन को तोड़ने के लिए आने वाले खर्च को भी एचपीसीए से वसूला जाएगा। वास्तु योजनाकार केएस चौहान ने इसकी पुष्टि की है।
एचपीसीए पर राजधानी के ग्रीन बेल्ट एरिया में बिना अनुमति निर्माण करने का आरोप है। नगर निगम आयुक्त के कोर्ट ने कहा है कि ग्रीन बेल्ट एरिया होने के बावजूद एचपीसीए ने लालपानी में बिना अनुमति के चार मंजिला भवन का निर्माण किया है।
ग्रीन बेल्ट में आता है ये एरिया
नगर निगम से नक्शा नामंजूर होने पर भी निर्माण कार्य जारी रख पवेलियन, ड्रेसिंग रूम और शौचालय बनाए गए हैं। भाजपा शासन काल में लालपानी (शिमला) में क्रिकेट अकादमी को 9265.21 वर्ग मीटर जमीन लीज पर दी गई। जिस जगह जमीन दी गई वह ग्रीन बेल्ट एरिया में आता है।
यहां किसी भी तरह के निर्माण की अनुमति नहीं दी जाती। एचपीसीए ने करीब साढ़े तीन साल पहले रिस्किटिड एरिया कमेटी के पास भवन निर्माण की स्वीकृति के लिए नक्शा भेजा लेकिन कमेटी ने नक्शा नामंजूर कर दिया। बावजूद इसके एचपीसीए ने निर्माण कार्य शुरू कर दिया।