एमसी के विशेष सदन में पेश करनी होगी रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान ने वीरवार को डूम्मी जाकर सतलुज पेयजल परियोजना के काम का जायजा लिया। इस दौरान पेयजल कंपनी और बिजली बोर्ड के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
डूम्मी में इस पेयजल परियोजना के तीसरे चरण का पंपिंग स्टेशन तैयार हो रहा है। इसका काम लगभग पूरा हो चुका है। महापौर ने कंपनी के अधिकारियों से शकरोड़ी और दवाडा के पंपिंग स्टेशनों के काम की भी रिपोर्ट ली। अधिकारियों ने कहा कि ज्यादातर काम पूरा हो चुका है। यदि बिजली आपूर्ति मिल जाए तो मई में टेस्टिंग का काम शुरू हो सकता है। महापौर ने बिजली बोर्ड के अधिकारियों से भी इस बारे में रिपोर्ट ली। अधिकारियों ने बताया कि तीनों पंपिंग स्टेशन पर 22 केवी सब स्टेशन बनाने के लिए नींव तैयार की जा चुकी है।
बाकी काम भी जल्द पूरा कर दिया जाएगा। महापौर ने निर्देश दिए की जून तक सतलुज नदी का पानी शिमला पहुंचाया जाए। इस पर बिजली बोर्ड और कंपनी ने भरोसा दिलाया कि जून तक सतलुज का पानी शिमला पहुंच जाएगा। महापौर ने क्रेगनेनो में एक साल से धूल फांक रही 66 केवी सब स्टेशन की मशीनरी का भी जायजा लिया। पूछा कि इस मशीनरी को क्यों इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। इस बारे में 21 अप्रैल को होने वाले विशेष सदन में कंपनी और बिजली बोर्ड के अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है।