वन मंडल कोटगढ़ के अंतर्गत आने वाली कांगल और आहार बीट में लगी भीषण आग से लाखों रुपये की वन संपदा जलकर राख हो गई है। आग पर काबू पाने के लिए वन विभाग ने अग्निशमन विभाग की मदद ली और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास किया।
आहार बीट की बीट गार्ड कुसुम शर्मा ने बताया कि विभाग की ओर से अग्निशमन कर्मियों और स्थानीय लोगों की सहायता से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। हालांकि, कुछ हिस्सों में आग दोबारा भड़क उठी है। वहीं, कांगल बीट में आग ने अभी भी विकराल रूप धारण किया हुआ है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास जारी हैं। इससे क्षेत्र की वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है।