सोलन के मालरोड में लगी भीषण आग।
- फोटो : अमर उजाला
सोलन शहर के अति व्यस्त मालरोड में रविवार शाम को हुए अग्निकांड में लाखों की संपत्ति स्वाह हो गई। लगभग दो घंटे तक चले ऑपरेशन में अग्निशमन विभाग ने अरबों की संपत्ति जलने बचाई। समय रहते आग पर काबू न पाया गया होता तो मालरोड पर साथ लगती दुकानों सहित शॉपिंग कांप्लेक्स जलकर राख हो जाता। जानकारी के अनुसार शाम पांच बजे अचानक मालरोड स्थित मेडिकल स्टोर के अंदर आग भड़क गई।
देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। साथ लगती गारमेंट शॉप भी इसकी चपेट में आ गई। हालांकि, इस दौरान पांच मंजिला भवन की ऊपरी मंजिल में लोग मौजूद थे। जो धरातल से धुआं उठते ही बाहर की ओर भागे। इससे जान-माल का नुकसान होने से बचाया जा सका। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट-सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि आग लगने की असल वजह क्या रही।
दुकानों में आग लगते ही लोगों में अफरातफरी मच गई। दुकानों के अंदर धमाकों की आवाज से लोग दहशत में आ गए। गौर हो कि जिस मेडिकल स्टोर में आग लगी, उसके साथ ही सिविल सप्लाई का सिलिंडर गोदाम मौजूद है। समय रहते लोगों की सहायता से फायर कर्मियों ने गोदाम का दरवाजा तोड़कर सिलिंडर बाहर निकाले और सुरक्षित जगह पहुंचाए। दुकानों के अंदर आग और धुआं एकत्रित होने की वजह से काफी देर तक धमाके होते रहे।
मेडिकल स्टोर में रखी दवाइयां व अन्य उपकरण जलकर राख हो गए। गारमेंट की शॉप में मौजूद लाखों का सामान जल गया। एसडीएम अजय यादव आग की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए और राहत व बचाव कार्य की मानीटरिंग की। उन्होंने बताया कि अभी नुकसान का आकलन लगाया जा रहा है। अग्निशमन विभाग ने लाखों की संपत्ति राख होने से बचाई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।