पुलिस थाना बैजनाथ के तहत पंचायत सेहल में फाइबर बोर्ड की फैक्ट्री के साथ लगती संसाली खड्ड के किनारे पर एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवती की पहचान कनिका शर्मा पुत्री अशोक शर्मा निवासी जे 318, गली नंबर 12 प्रेम नगर नजफगढ़, दिल्ली के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह लोगों ने युवती का शव देखने के बाद पंचायत प्रधान और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पूजा कौंडल और डीएसपी बीडी भाटिया मौके पर पहुंच गए और शव को कब्जे में ले लिया। दोपहर बाद रजोट गांव निवासी युवती के रिश्तेदारों ने सोशल मीडिया पर उसकी पहचान कर ली। पुलिस के अनुसार युवती दिल्ली में अपनी मां और भाई के साथ रह रही थी और कंपनी सेक्रेटरी की पढ़ाई कर रही थी।
24 अगस्त को परिणाम आने के बाद युवती 25 अगस्त को घर से अपने कार्यालय के लिए निकली। घर वापस न पहुंचने पर युवती की मां ने उसे फोन किया तो उसने फोकंन नहीं उठाया। बाद में उसके परिजनों ने दिल्ली में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी। युवती का मोबाइल कुरुक्षेत्र की लोकेशन आने के बाद बंद हो गया। युवती के रिश्तेदारों का घर घटनास्थल से तीन किलोमीटर की दूरी पर भट्टू में है। बताया जा रहा है कि युवती साल में एक या दो बार भट्टू में आती थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पांव में एक धागा बंधा हुआ था तथा मुंह और सिर पर चोट के निशान थे। उधर, लोगों का कहना है कि यह एक हत्या का मामला हो सकता है। वहीं, डीएसपी बीडी भाटिया ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पालमपुर अस्पताल भेज दिया है। मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। मामले को लेकर युवती के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
पुलिस चौकी डाडासीबा के अंतर्गत रेल पंचायत के गांव बनूड़ी में एक बच्ची की अकस्मात मृत्यु से परिवार सदमे में है। जानकारी के अनुसार बनूड़ी गांव की 11 वर्षीय अमनदीप पुत्री गुरमीत सिंह को शनिवार सुबह 3 बजे के करीब सिर पर किसी चीज के काटने का आभास हुआ। इस पर उसने अपनी मां को बताया। बच्ची की मां ने यहां वहां देखा, मगर उसे कुछ भी दिखाई नहीं दिया। बच्ची के पिता घर पर नहीं थे। सुबह करीब 5 बजे जब बच्ची की हालत खराब हो गई तो परिजनों ने बच्ची को निजी वाहन से सिविल अस्पताल डाडासीबा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गुरमीत सिंह की दो लड़कियां और एक लड़का है। अमनदीप इनमें से सबसे बड़ी थी और छठी कक्षा में सांडा स्कूल में पढ़ती थी। रेल पंचायत की प्रधान संध्या देवी ने बताया कि मौत की वजह सर्पदंश बताया जा रहा है। उन्होंने सरकार से आकस्मिक मौत होने पर परिवार की आर्थिक सहायता की मांग की है। वहीं, पुलिस चौकी डाडासीबा प्रभारी राजेश द्विवेदी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी। शव पोस्टमार्टम के लिए देहरा भेज दिया गया है।