मणिमहेश यात्रा की कल होगी समीक्षा
भरमौर क्षेत्र में बारिश को देखते हुए प्रशासन ने मणिमहेश जाने पर 24 अगस्त के लिए रोक लगा दी दी है। रविवार को भी यात्रा बंद की थी। हालांकि, अभी आधिकारिक तौर पर यात्रा शुरू नहीं हुई है, लेकिन रोजाना सैकडों श्रद्धालु मणिमहेश जा रहे हैं। भरमौर के उपमंडल अधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि यात्रा मार्ग के विभिन्न स्थानों पर सड़क और पैदल मार्ग के क्षतिग्रस्त होने व मार्ग की स्थिति असुरक्षित होने की सूचना प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि हड़सर से डल झील जाने वाले मार्ग से यात्रा न करने के निर्देश दिए हैं। मौसम एवं पैदल मार्ग की बहाली की स्थिति की 25 अगस्त को समीक्षा की जाएगी। उसके बाद परिस्थितियों के अनुरूप यात्रा पर फैसला लिया जाएगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं, स्थानीय निवासियों, संबंधित ग्राम पंचायतों तथा यात्रा से जुड़े अन्य व्यक्तियों से अनुरोध किया है कि दो दिन यात्रा न करें।