प्रशासन ने आधिकारिक तौर पर यात्रा के लिए 13 दिन का शेड्यूल जारी किया है। जन्माष्टमी स्नान से शुरू हुई यात्रा छह सितंबर को राधाष्टमी के शाही स्नान के साथ संपन्न होगी। उल्लेखनीय है कि शुभारंभ से पूर्व ही हजारों की तादाद में श्रद्धालु मणिमहेश की यात्रा कर चुके हैं।
मणिमहेश यात्रा को लेकर हर साल चलने वाली हेली टैक्सी सेवा को इस बार रक्षा मंत्रालय से अनुमति नहीं मिल पाई है। पिछले पांच दिनों से श्रद्धालु हेली टैक्सी सेवा शुरू होने के इंतजार में है।
मणिमहेश यात्रा मार्ग पर कई मनोहारी स्थान हैं जो खड्ड किनारे हैं। यहां श्रद्धालु सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से आह्वान किया है कि यात्रा के दौरान वे मणिमहेश यात्रा के विभिन्न पड़ावों में आने वाली खड्डों से दूर रहें।
एडीएम भरमौर पीपी सिंह ने कहा कि शनिवार से मणिमहेश यात्रा अधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है। प्रशासन अब राधाष्टमी स्नान को लेकर तैयारियां कर रहा है। हेली टैक्सी सेवा की अनुमति के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। राधाष्टमी का शाही स्नान छह सितंबर को होगा।