बिहार में अपने निर्धारित कार्यक्रम पूरे कर 19 मई को सुबह भाजपा प्रदेश प्रभारी मंगल पांडेय हिमाचल पहुंचेंगे। वे तीन दिन तक सांसदों, विधायकों, भाजपा प्रदेश संगठन पदाधिकारियों, विभिन्न मोर्चों और कुछ संगठनात्मक जिलों में बैठकें करेंगे। विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान और शिमला नगर निगम चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। तीन दिवसीय प्रवास के बाद पांडेय दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व को अपनी रिपोर्ट देंगे।
श्रीकांत शर्मा के उत्तरप्रदेश सरकार में मंत्री बनने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने प्रदेश प्रभारी का दायित्व मंडल पांडेय को दिया है। पांडेय प्रभार मिलने के बाद पहली बार हिमाचल आ रहे हैं। वे 19 से 21 मई तक प्रवास के दौरान प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियों को समझेंगे। पार्टी ने उनकी कुछ बैठकें तय की हैं। प्रदेश कार्यालय से जारी कार्यक्रम में पांडेय 19 मई को सुबह आठ बजे परवाणू पहुंचेंगे।
यहां से 11 बजे पार्टी के प्रदेश कार्यालय दीपकमल शिमला आएंगे। 20 मई को विभिन्न स्तर की बैठकों के बाद 21 को संगठनात्मक जिला महासू तथा सोलन की बैठकों को संबोधित करेंगे। पार्टी स्तर पर चर्चा चल रही है कि उन्हें अब तक की चुनावी तैयारियों से अवगत करवाया जाए। साथ ही सोशल मीडिया और चुनाव वॉर रूम को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा की जाए।
चुनाव प्रचार अभियान प्राथमिकता
प्रभारी मंगल पांडेय के दौरे में सबसे अहम विस चुनाव की रणनीति रहने वाली है। चुनावों को लेकर प्रचार अभियान की तैयारियों को लेकर पांडे प्रदेश कार्यकारिणी, कोर कमेटी और चुनाव प्रबंधन समिति से अलग-अलग बैठक करने वाले हैं। विधानसभाओं में पदयात्रा कार्यक्रम तय किए जा चुके हैं। इनके लिए अंतिम स्वीकृति प्रभारी के साथ होने वाली बैठकों में होगी। साथ ही नगर निगम शिमला चुनाव की रणनीति पर भी मंथन करेंगे।
तय होंगे केंद्रीय नेताओं के दौरे
प्रचार अभियान को गति देने के लिए प्रदेश संगठन की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सहित अन्य केंद्रीय मंत्रियों के दौरों का प्रस्ताव तैयार किया गया है। पदयात्राओं के बाद चलने वाली रथयात्राओं के दौरान केंद्रीय मंत्रियों की रैलियां तय होंगी। वित्त और रक्षा मंत्री अरुण जेटली, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, कृषि मंत्री राधा गोपाल सिंह, उमा भारती आदि की रैलियां प्रचार रथों के माध्यम से करर्वाई जानी हैं। पांडेय प्रस्तावों को केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष रखेंगे।
प्रभारी पांडेय का कार्यक्रम
- 19 मई को जिला शिमला, प्रदेश कार्यकारिणी, सांसदों और विधायकों से बैठक
- 20 मई को शिमला नगर निगम, प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति और कोर कमेटी की बैठकें
- 21 मई को ठियोग में महासू जिला और सोलन में सोलन जिले की बैठक