उपमंडल जोगिंद्रनगर के भराड़ू में घरेलू विवाद के चलते सोमवार को मां और बेटी ने जहर खा लिया। दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जिला कांगड़ा के राजेंद्र प्रसाद मेडिकल अस्पताल टांडा रेफर किया गया है। महिला सुमना देवी (50) की हालत नाजुक बताई जा रही है। 21 साल की बेटी पूनम के स्वास्थ्य पर निगरानी के लिए चिकित्सकों की विशेष टीम तैनात है। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार घरेलू विवाद में पति बेसर पर आरोप है कि उसने रविवार देर रात पत्नी और बेटी से झगड़ा किया।
सोमवार सुबह भी जब झगड़े का यह सिलसिला फिर शुरू हो गया तो गुस्से में आकर पहले बेटी फिर मां ने जहर खा लिया। मां और बेटी की बिगड़ती तबीयत और चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठे हो गए। इसके बाद दोनों को जोगिंद्रनगर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने तुरंत प्राथमिक उपचार दिया और दोनों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया। पुलिस टीम ने मां और बेटी के बयान दर्ज किए। वहीं घटनास्थल पर भी पुलिस ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। उधर, पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस घटना पर हर पहलू को देखते हुए जांच कर रही है।