बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के पधर-बल्ह वाया डायनापार्क मार्ग बाधित होने से दूल्हा, दुल्हन और बराती फंस गए। उन्हें एक और रात दुल्हन के घर बितानी पड़ी। जिल्हण पंचायत के मरखान गांव से बरात रोपा पंचायत के एक गांव गई थी। सोमवार को बरात वापस लौट रही थी कि बल्ह के पास मार्ग भूस्खलन के कारण बंद हो गया। इससे दूल्हा, दुल्हन और बरातियों को फिर वापस लौटना पड़ा। उन्हें एक और रात दुल्हन के घर बितानी पड़ी।
मौसम खराब और अंधेरा होने की वजह से मार्ग को बहाल नहीं किया जा सका। ऐसे में दूल्हा-दुल्हन और बरातियों को रोपा लौटना पड़ा। दूल्हे के घर मरखान में बारातियों के लौटने पर खाने पीने के लिए किए गए सभी इंतजाम धरे रह गए। लोक निर्माण विभाग ने मंगलवार तड़के मार्ग को बहाल करने के लिए जेसीबी भेजी। मार्ग बहाल होते ही दूल्हा-दुल्हन बरातियों के साथ मरखान गांव के लिए रवाना हुए। बरात निकलते ही मार्ग फिर पहाड़ी से मलबा और पत्थर आ जाने से अवरुद्ध हो गया। दोपहर को एक बजे वाहनों की आवाजाही शुरू हो पाई। कनिष्ठ अभियंता रूप लाल ने कहा कि बल्ह के समीप पहाड़ी से भूस्खलन होने के चलते मार्ग बंद हो गया था। मंगलवार सुबह सात बजे मार्ग को वैकल्पिक तौर पर खोलकर बरात क्रॉस करवाई।