अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव इस बार 8 से 14 मार्च तक मंडी के पड्डल मैदान में होगा। उपायुक्त एवं अध्यक्ष शिवरात्रि मेला कमेटी संदीप कदम ने मेला को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिवरात्रि महोत्सव देव परंपराओं से जुड़ा उत्सव है।
हर वर्ष की तरह इस बार भी मेले में 215 देवी देवताओं को आमंत्रित किया जा रहा है। देवताओं के साथ आने वाले देवलुओं के खान-पान और रहने की मेला कमेटी की ओर से उचित व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि बजंतरियों की वाद्य यंत्र प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षण देने के साथ लोगों का मनोरंजन करने का भरपूर प्रयास किया जाएगा। खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन कर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष राज्य स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। मेले में आने वाले व्यापारियों और अन्य लोगों को उचित सुरक्षा उपलब्ध करवाने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। मेले में विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।
बैठक में वित्तीय स्रोतों को सुदृढ़ करने, परिवहन व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति आदि विषयों पर भी चर्चा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रेम कुमार ठाकुर, अतिरिक्त उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विवेक चंदेल, सहायक आयुक्त पूजा चौहान आदि मौजूद थे।