जयराम ने कहा कि मंडी में 10 में से नौ विधायक भाजपा के हैं तो अन्याय सहन नहीं करेंगे। जयराम ने कहा कि कांगड़ा प्रदेश का सबसे बड़ा जिला है। यहां से 15 में से दस विधायक कांग्रेस के जीते हैं, मगर एक मंत्रालय ही मिला है वो भी चंद्र कुमार जानते हैं उन्हें कैसा मंत्रालय मिला है। कहा कि कांगड़ा के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। न ही मंडी के साथ अन्याय होने दिया जाएगा। व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर महज तमाशा किया जा रहा है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं विधायक अनिल शर्मा, विधायक राकेश जंवाल, इंद्र सिंह गांधी, दलीप ठाकुर और पूर्ण चंद ठाकुर के अलावा प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा ,जिला अध्यक्ष रणवीर सिंह, प्रियव्रत शर्मा मौजूद रहे।
अपने मुख्यसचिव से पता कर लें सुक्खू
जयराम ने कहा कि मुख्यमंत्री अपने मुख्य सचिव से पता कर लें, वे उस समय वित्त सचिव थे। कहा कि मंडी के न्यू ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट और गगल एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के लिए एक हजार करोड़ का प्रावधान बजट में किया गया था। मंडी काॅलेज की बिल्डिंग के बारे में कहा कि मैं इस काॅलेज का छात्र रहा हूं। इस कॉलेज के लिए 25 करोड़ का प्रावधान किया गया है, मगर स्टील की कीमतों में तीन गुना बढ़ोतरी होने की वजह से इसे अब 44 करोड़ का बजट और चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार इसके लिए बजट की व्यवस्था कर शीघ्र पूरा करे। सुक्खू सरकार सारे प्रोजेक्ट बंद करने को तुली है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल और बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि शिव धाम को लेकर भी पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जनता को गुमराह कर रहे हैं। वर्तमान में शिवधाम के लिए एक रुपये भी बजट में शेष नहीं है। जो राशि थी, वह पूरी खर्च हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 200 करोड़ रुपये का एकमुश्त प्रावधान क्यों नहीं किया। वीरवार को जारी संयुक्त वक्तव्य में दोनों मंत्रियों ने कहा कि बल्ह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का बयान तथ्यों पर आधारित नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री ने विगत पांच वर्षों के दौरान प्रदेश के लोगों को निरंतर गुमराह करने का प्रयास किया और अब विपक्ष में बैठने के बावजूद वह आधारहीन बयानबाजी कर रहे हैं। मंत्री डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल और बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि 15वें राष्ट्रीय वित्त आयोग ने बल्ह हवाई अड्डे के निर्माण और कांगड़ा स्थित गग्गल हवाई अड्डे के विस्तार को लेकर कोई बजट आवंटित नहीं किया है।
आयोग ने केवल सिफारिश की थी, वह भी कागजों तक सीमित रही। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बल्ह हवाई अड्डे के लिए वित्त आयोग से 1,000 करोड़ रुपये और कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार के लिए 400 करोड़ के बजट आवंटन की बात कह रहे हैं, जो पूरी तरह से असत्य है। आयोग ने अगर यह बजट मंजूर किया है तो जयराम ठाकुर केंद्र सरकार से उसे हिमाचल प्रदेश को दिलाने के लिए आगे आएं, प्रदेश सरकार पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर असत्य बोलने के बजाय तथ्यों के आधार पर अपनी बात स्पष्ट करें। डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल और जगत सिंह नेगी ने कहा कि जयराम ठाकुर कह रहे हैं कि पूर्व सरकार ने भी बल्ह एयरपोर्ट के लिए 1,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया था। वह बताएं यह राशि कहां है। राज्य में 920 संस्थान खोलने के समय 1,000 करोड़ रुपये विभिन्न मदों में खर्च किए जा चुके हैं। उन्होंने परामर्श दिया कि पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर बयान देने से पहले सच्चाई और तथ्यों का अध्ययन अवश्य करें। बल्ह हवाई अड्डे का काम भी वह पांच वर्ष में क्यों शुरू नहीं करा पाए। जनता को गुमराह करने के बजाय वह यह साफ शब्दों में स्पष्ट करें। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल और बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश की ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार निष्पक्षता, संवेदनशीलता और दृढ़ता से कार्य कर रही है।