पटवारी भर्ती परीक्षा में अनुचित साधनों के इस्तेमाल का मामला सामने आने के बाद जिला पुलिस ने एक अभ्यर्थी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन लेकर पहुंचा था। नेरचौक स्थित परीक्षा केंद्र की सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान इसका खुलासा हुआ। पुलिस थाना बल्ह में हिमाचल प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2025 के तहत कार्रवाई की गई है। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) हमीरपुर की ओर से मंगलवार को पटवारी भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी।
इसकी दूसरी पाली में नेरचौक स्थित विजय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट परीक्षा केंद्र पर एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। इसके बाद परीक्षा केंद्र प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो अभ्यर्थी के पास मोबाइल फोन होने का मामला सामने आया। पुलिस परीक्षा केंद्र की सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का किस तरह इस्तेमाल किया गया। एसपी विनोद कुमार ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। परीक्षाओं में किसी भी तरह की अनियमितता और अनुचित साधनों के इस्तेमाल को गंभीरता से लिया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।