मनाली में मैराथन प्रतियोगिता में देश के अलावा विदेशों से आए धावक भाग लेते हुए।
- फोटो : संवाद
प्राकृतिक आपदा के दंश झेलने के बाद मनाली में अब सब सामान्य हो गया है। मनाली सुरक्षित है और पर्यटकों के स्वागत के लिए तैयार है। यह संदेश देने के लिए रविवार को मनाली मैराथन का शानदार आयोजन किया गया। मालरोड से पांच वर्ग की अलग-अलग प्रतियोगिता में देश-विदेश के 330 धावकों ने भाग लिया। 12 से लेकर 60 वर्ष तक के धावक मैराथन में भाग लेने पहुंचे।
सुबह हो रही मूसलाधार बारिश भी धावकों का हौसला कम नहीं कर पाई। मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने प्रत्येक वर्ग की मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन में 330 धावकों ने भाग लिया। दौड़ में रूस से एक , दो इजरायल और 13 अमेरिका के धावक शामिल हुए। रोहतांग के लिए होने वाली 102 किलोमीटर लंबी मैराथन मध्यरात्रि 12:00 बजे शुरू कर दी गई थी। बाकी मैराथन का आयोजन सुबह 7:00 बजे से शुरू हुआ। मैराथन में पर्यटक भी शामिल हुए।
रोहतांग अल्ट्रा चैलेंज मैराथन में पदमा तंदुप ने मारी बाजी
आईटीबीपी के पदमा तंदुप ने 102 किलोमीटर लंबी रोहतांग अल्ट्रा चैलेंज मैराथन में शानदार जीत दर्ज की। महिला वर्ग में मनाली की तेंजिन डोलमा का दबदबा रहा। 42 किमी लंबी मनाली मैराथन वैभव चौहान ने जीती। ओवरऑल पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान वैभव चौहान ने प्राप्त किया।
दूसरे स्थान पर दीपक जबकि तीसरे स्थान पर नंदीश कालिमनी रहे। इसी दौड़ में 41 से 50 आयु वर्ग में गोपाल ठाकुर ने यह प्रतियोगिता जीती। हॉफ मैराथन में ओवरऑल पुरुष वर्ग में प्रथम अनीश चंदेल, द्वितीय रमेश कुमार जबकि तीसरे स्थान पर पवन ठाकुर रहे।
पुरुषों के 41 से 50 आयु वर्ग में फतेह चंद ने फतेह हासिल की। 13 किमी में ओवरऑल पुरुष वर्ग में रुस्तम प्रथम, पृथ्वी ठाकुर द्वितीय, तेनजिन छोंजोर तृतीय रहे। इसी दौड़ में महिला वर्ग ओवर ऑल खिताब में थिल्ले छोड़न प्रथम, पूजा शाही द्वितीय जबकि हिना ठाकुर तृतीय स्थान पर रही। 18 से 40 पुरुष वर्ग में रुस्तम प्रथम, सूर्यकांत द्वितीय और हुकम तृतीय स्थान पर रहे।