रोहतांग दर्रे में बर्फबारी के बाद मनाली के पर्यटन कारोबार ने रफ्तार पकड़ ली है। बर्फ से ढकी चोटियों का दीदार करने के लिए पर्यटकों की आमद बढ़ने से पर्यटन नगरी में रौनक लौट आई है। वीकेंड पर पर्यटक वाहनों की संख्या बढ़कर 800 के पार पहुंच गई है, जबकि मनाली आने वाली वोल्वो बसों की संख्या भी 100 से अधिक हो गई है। पर्यटकों की बढ़ती आमद से होटल कारोबारियों को आगामी दिनों में अच्छे कारोबार की उम्मीद जगी है। पिछले सप्ताह तक मनाली में प्रतिदिन 500 से 600 पर्यटक वाहन पहुंच रहे थे। रोहतांग दर्रे में बर्फबारी के बाद इनकी संख्या में इजाफा हुआ है। पहले जहां प्रतिदिन करीब 50 वोल्वो बसें मनाली पहुंच रही थीं, वहीं अब इनकी संख्या 100 के पार हो गई है।