मनाली-लेह मार्ग से बर्फ हटाकर सीमा सड़क संगठन ने दारचा तक यातायात बहाल कर दिया है। हालांकि, फिलहाल फोर बाई फोर वाहनों को ही इस मार्ग पर चलने की अनुमति है। मनाली से सोलंगनाला तक सड़क सभी प्रकार के वाहनों के लिए बहाल कर दी गई है। सोलंगनाला से आगे सिर्फ फोर बाई फोर वाहन ही भेजे जा रहे हैं। सोलंगनाला से आगे अटल टनल के साउथ पोर्टल तक पर्यटकों को फोर बाई फोर वाहनों में भेजा जा रहा है।
बुधवार को हजारों पर्यटक सोलंगनाला पहुंचे और पर्यटकों ने बर्फ के बीच खूब मस्ती की। क्षेत्र में सड़क एकतरफा होने से जगह-जगह यातायात भी बाधित हो रहा है। सोलंगनाला से सिस्सू तक सड़क एकतरफा वाहनों के लिए बहाल की गई है। इस कारण पुलिस जवान वाहनों को निर्धारित समय अनुसार दोनों ओर से भेज रहे हैं। सुबह के समय मनाली से सिस्सू की ओर और दोपहर के समय सिस्सू से मनाली की ओर वाहन भेजे गए।
एसडीएम मनाली डॉ. सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि सीमा सड़क संगठन ने बर्फ हटाकर इस मार्ग पर फोर बाई फोर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी है। पर्यटकों को फिलहाल सोलंगनाला तक भेजा जा रहा है। इससे आगे पर्यटक जाना चाहते हैं तो उन्हें भी साउथ पोर्टल तक फोर बाई फोर वाहनों से ही जाने की अनुमति है। पांगी और लाहौल के लिए भी मनाली से फोर बाई फोर या फिर चेन लगी गाड़ियों को भेजा आ रहा है।