मंडी जिले के चलाहरग गांव में आत्मदाह की कोशिश करने वाले युवक की मौत हो गई। युवक ने टांडा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने युवक का शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
युवक नौकरी न मिलने से परेशान था और शनिवार को युवक ने घर के कमरे में खुद पर मिट्टी तेल डालकर आग लगा दी थी। झुलसे युवक को परिजन जोगिंद्रनगर अस्पताल ले गए। जहां गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।
होनहार युवक नौकरी के लिए कई लिखित परीक्षाएं पास कर चुका था, लेकिन वह व्यक्तिगत साक्षात्कार पास नहीं कर पाया था। युवक के इस कदम से परिजन और क्षेत्रवासी हैरान हैं। इधर, बस्सी पुलिस चौकी के प्रभारी व जांच अधिकारी
राजेश ने बताया कि टांडा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान युवक की मौत होने की सूचना है। शव कब्जे में लेने व अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के लिए टीम भेजी गई है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।