चबाकर अलग कर डाली अंगुली(सांकेतिक)
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत धनेटा के बलोह गांव में दो पक्षों के बीच हुई मामूली कहासुनी में एक व्यक्ति ने दूसरे की अंगुली दांतों से इतनी जोर से चबा डाली कि अंगुली हाथ से पूरी तरह अलग हो गई। चिकित्सकों की लाख कोशिश के बावजूद इसे दोबारा नहीं जोड़ा जा सका। नादौन पुलिस को दिए बयान में पीड़ित राजेश कुमार पुत्र दर्शन कुमार निवासी गांव बलोह ने कहा कि पांच मई को दोपहर के समय जब वह अपने ट्राले में तूड़ी लेकर घर की ओर जा रहा था तो घर के निकट ही उसके पड़ोसी ईश्वर कुमार ने ट्राला रोककर उसे ड्राइविंग सीट पर ही मारना पीटना आरंभ कर दिया।
शोर सुनकर ईश्वर के परिवार के अन्य लोग भी मौके पर आ गए और उन्होंने भी जान से मारने की धमकियां देते हुए उससे मारपीट आरंभ कर दी। राजेश कुमार ने कहा कि इसी दौरान आरोपी ने उसके बाएं हाथ की कलम वाली अंगुली इतनी बुरी तरह से मुंह में चबा डाली कि वह हाथ से अलग होकर नीचे गिर गई। राजेश ने कहा कि उसके साथ चल रहे दीपक व रमेश ने उसे आरोपियों के चंगुल से बचाया और उसे नादौन अस्पताल ले आए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद वह ऊना चला गया, जहां अपना उपचार करवाकर शुक्रवार को ही अपने घर लौटा। राजेश ने कहा कि चिकित्सकों ने उसकी अंगुली जोड़ने का काफी प्रयास किया परंतु सफलता नहीं मिल सकी। उसने यह भी आरोप लगाया कि कारोबार के सिलसिले में उसने अपने बैग में पांच लाख रुपये रखे थे परंतु झगड़े के दौरान ट्राले में रखा पैसों से भरा उसका बैग भी गायब हो गया। उसने आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी नीरज राणा ने कहा कि मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई की जा रही है।