बैठक में योजना को लेकर दिए निर्देश
रामपुर में सखी वन स्टॉप केंद्र खोलने की औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। सखी वन स्टॉप सेंटर की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में सोमवार को हुई। उन्होंने कहा कि सखी वन स्टॉप सेंटर के बारे में लोगों को जानकारी दें।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने बताया कि वन स्टॉप सेंटर (सखी) का उद्देश्य सभी तरह की हिंसा से पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को एक ही छत के नीचे सहायता उपलब्ध करवाना है। इसका उद्देश्य हिंसा पीड़ित महिलाओं का समर्थन करना है जिसका सामना वह परिवार के भीतर या कार्यस्थल पर या समुदाय के भीतर, निजी या सार्वजनिक स्थानों पर कर सकती हैं।
उन्होंने कहा कि इसके तहत महिलाओं के लिए एक समर्थन तंत्र विकसित किया जाता है जो महिलाओं के लिए यौन, शारीरिक, मनोवैज्ञानिक, भावनात्मक और आर्थिक शोषण का सामना करती हैं। वन स्टॉप सेंटर पर तेजाब हमले, विच-हंटिंग, घरेलू हिंसा, तस्करी, यौन उत्पीड़न या यौन उत्पीड़न के कारण किसी भी तरह की हिंसा का सामना करने वाली पीड़ित महिलाओं को विशेष सेवाएं प्रदान की जाती हैं। इस वर्ष अभी तक 139 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। उन्होंने रामपुर क्षेत्र में भी सखी वन स्टॉप केंद्र खोलने की सारी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश भी दिए। टोल फ्री हेल्पलाइन 181 डायल कर कोई भी महिला विपरीत परिस्थिति में या उसकी ओर से कोई भी सखी केंद्र से मदद मांग सकती हैं। चाइल्ड हेल्पलाइन के कार्यों की समीक्षा भी बैठक के दौरान की गई। इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि फील्ड स्टाफ हर सप्ताह चाइल्ड हेल्पलाइन के कार्यों की प्रगति रिपोर्ट सौंपेगा। इसके अलावा हर मामले की सूचना भी कार्यालय में मुहैया करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चों के खिलाफ किसी भी तरह का शोषण स्वीकार नहीं किया जाता है। इस वित्तीय वर्ष में 198 शिकायतें प्राप्त हुई हैं जिनमें हर शिकायत पर कार्रवाई की गई है।