एक समय दोनों नेता शाहपुर की सियासत में आमने-सामने की राजनीति के प्रमुख चेहरे माने जाते थे। विधानसभा चुनावों में दोनों के बीच मुकाबला क्षेत्र की राजनीतिक चर्चा का केंद्र रहता था। बाद के वर्षों में राजनीतिक परिस्थितियां बदलीं और दोनों नेताओं के राजनीतिक रास्ते एक मंच तक भी पहुंचे।
शाहपुर में लंबे समय तक रहा प्रभाव
मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने शाहपुर से अपनी राजनीतिक पहचान बनाई और कई बार विधानसभा का प्रतिनिधित्व किया। सेना में सेवा देने के बाद राजनीति में आए मनकोटिया ने अपने स्पष्ट और बेबाक अंदाज से प्रदेश की राजनीति में अलग पहचान बनाई। शाहपुर में उनकी मजबूत राजनीतिक पकड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वह कई चुनावों में यहां से जीतकर विधानसभा पहुंचे और प्रदेश सरकार में मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली।