नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 लाख रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की है। इसमें नशा तस्करी से अर्जित आय से खरीदा लग्जरी वाहन और नकदी शामिल है। पुलिस ने रोहड़ू थाने में दर्ज एफआईआर के मामले में यह कार्रवाई की है। मामले में रोहड़ू के महेंदली पुल के पास पंजाब निवासी जशनदीप सिंह और धर्मप्रीत सिंह को 83 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 45 हजार रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान पुलिस ने बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज स्थापित कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। जांच में सामने आया कि जशनदीप पंजाब से चिट्टा लाकर रोहड़ू और चिड़गांव क्षेत्र में सप्लाई करता था। उसके नेटवर्क से आशीष चौहान, नवीन शिट्टा और दीवान चंद को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद विजेंद्र सिंह उर्फ छोटू को नेपाल सीमा से सटे बनबसा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ पहले से तीन एनडीपीएस मामले दर्ज हैं।
जिला पुलिस नशा तस्करों की कमर तोड़ने के लिए सभी मोर्चों पर कार्रवाई कर रही है। नशा तस्करी में शामिल लोगों पर शिकंजा कसा जा रहा है और आदतन नशा तस्करों को जेल भेजा जा रहा है। इसी कड़ी में एक और मामले में 17 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। संदेश स्पष्ट है कि नशे से अर्जित कमाई को जब्त कर तस्करी के नेटवर्क पर चोट की जा रही है। आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।-गौरव सिंह, एसएसपी शिमला