हिमाचल प्रदेश में व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडरों की कमी अब पर्यटन कारोबार पर भारी पड़ने लगी है। प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों शिमला, मनाली, धर्मशाला और डलहौजी में होटल और रेस्टोरेंट संचालक गैस की किल्लत से जूझ रहे हैं। कई होटल कारोबारियों का कहना है कि उनके पास महज एक-दो दिन की गैस शेष बची है। स्थिति गंभीर होती देख कई होटलों ने फिलहाल एडवांस बुकिंग लेना बंद कर दिया है। कारोबारियों का कहना है कि यदि जल्द सप्लाई बहाल नहीं हुई तो आने वाले दिनों में होटल-रेस्टोरेंट की रसोई ठप पड़ सकती है और पर्यटकों को भी भोजन की व्यवस्था में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।