मनाली-किलाड़-जम्मू सड़क मार्ग पर लोट नाला पर बना ट्रस पुल वजन न सह पाने से सोमवार दोपहर ढह गया। पुल से एलएनटी से लदा एक टिप्पर गुजर रहा था, लेकिन बीच में पहुंचते ही पुल ध्वस्त हो गया। जिससे किलाड़, उदयपुर का केलांग व मनाली से संपर्क कट गया है। हादसे में चार लोग घायल हैं जिनका उपचार चल रहा है।
सूचना मिलने पर प्रशासन ने बीआरओ को घटना अवगत से करवा दिया है। मनाली-किलाड़-जम्मू सड़क मार्ग पर लोट नाला में बना ट्रस पुल करीब ढ़ाई बजे एलएनटी से लदे टिप्पर का भार नहीं सह पाया और ध्वस्त हो गया। पुल ढहने से सड़क के दोनों ओर वाहनों का जमावड़ा लग गया। लाहौल से किलाड़-जम्मू के लिए यह एकमात्र सड़क है।
टिप्पर तिंदी से गौंधला की ओर जा रहा था जिसमें चार लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि पुल की नौ टन तक क्षमता थी लेकिन इस पर गुजर रहे लदे टिप्पर का वजन करीब 25 टन था। जिस कारण हादसा पेश आया। लापरवाही के चलते हुए इस हादसे के बारे में प्रशासन ने बीआरओ को सूचित कर दिया है, लेकिन अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पुल मरम्मत का कार्य कौन करेगा।
घायलों की पहचान चालक बीरू पुत्र रूप लाल निवासी भ्यूली मंडी, एलएनटी ऑपरेटर बबलू शर्मा पुत्र हेम प्रभू निवासी बल्ह मंडी, जितेंद्र कुमार पुत्र खेम दास निवासी मेहड़ मंडी, एलएनटी सहायक अक्षय कुमार पुत्र कृष्ण लाल निवासी सेरी कोठी मंडी के रूप हुई है जिन्हें मामूली चोटें आई हैं।
डीसी लाहौल-स्पीति विवेक भाटिया ने बताया कि वह अभी जिले से बाहर हैं। मामले को लेकर एसडीएम को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। वहीं एसडीएम केलांग सन्नी शर्मा ने बताया कि बीआरओ अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। मरम्मत कार्य कौन करेगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है।