नोटबंदी के ऐलान के बाद रविवार को भी बैंकों में नोट बदलवाने के लिए लोग कतार लगाए रहे। एटीएम से रुपयों की निकासी न होने के चलते बैंक शाखाओं में नोट बदलवाने के साथ खाते से रुपये निकालने के लिए भी लोगों की भीड़ रही। सोलन में कारपोरेशन बैंक, सेंट्रल बैंक रबौण एचडीएफसी बैंक मालरोड, कैथोलिक बैंक राजगढ़ मार्ग और ग्रामीण बैंक के एटीएम बंद रहे।
जबकि सेंट्रल बैंक, यस बैंक, पीएनबी बैंक, स्टेट बैंक ऑफ पटियाला, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया खुला रहा। एसबीआई मालरोड पर एटीएम में 2000 के नोट ही निकल रहे थे। कांगड़ा बैंक व राज्य सहकारी बैंक में बंद पांच व हजार रुपये के नोट एक्सचेंज नहीं हो रहे हैं। दस-दस रुपये के सिक्के उपभोक्ताओं को दिए जा रहे हैं।
कैश उपलब्ध न होने पर एटीएम को लेकर भी दिक्कत आ रही है। कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक समिति की शाखाओं में उपभोक्ताओं को नोट बदलने की सुविधा नहीं मिल रही है। केसीसी बैंक मुख्य कार्यालय शाखा के मैनेजर रमेश चौधरी ने बताया कि आरबीआई के नियमों के अनुसार उन्हें नोट बदलने की अनुमति नहीं दी गई है। इसके चलते वह अपनी शाखा में नोट नहीं बदल रहे हैं।