भाजपा में प्रत्याशी चयन के लिए दूसरे दौर का सर्वेक्षण शुरू
भाजपा में प्रत्याशियों को चुनने के लिए दूसरे दौर का सर्वेक्षण चल रहा है। पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व लोकसभा चुनाव के लिए जिताऊ उम्मीदवारों को ढूंढ रहा है। इसके लिए आम लोगों से भी चर्चा की जा रही है और उनका फीडबैक लिया जा रहा है। राज्य में लोकसभा की चार सीटों में से तीन भाजपा के पास हैं। यह सीटें हमीरपुर, कांगड़ा और शिमला हैं। पिछले दो लोकसभा चुनाव में भाजपा लगातार चारों सीटों को जीत चुकी है। कांग्रेस को मंडी की लोकसभा सीट उपचुनाव में मिली थी। इस सर्वेक्षण में इस बात का ध्यान रखा जा रहा है कि वर्तमान सांसदों में किस-किस क्षेत्र में एंटीइनकमबेंसी है। इसके अलावा आम लोगाें का मौजूदा सांसदों और अन्य संभावित प्रत्याशियों की खूबियों पर भी फीडबैक लिया जा रहा है। लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा का पहले दौर का सर्वेक्षण पहले ही हो चुका है। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने इस विषय पर कुछ कह पाने से अभी इंकार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा में टिकट तय करने का जो भी निर्णय होता है, वह केंद्रीय नेतृत्व के स्तर पर ही लिया जाता है।