लोकसभा चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को उनकी परंपरागत सीट हमीरपुर से टिकट मिलना लगभग तय हो चुका है। हालांकि, मंडी सीट से जयराम ठाकुर की उम्मीदवारी पर अभी तस्वीर साफ नहीं हुई है। यहां से किसी अन्य चेहरे पर भी पार्टी दांव खेल सकती है। शिमला, हमीरपुर और मंडी सीट से प्रत्याशियों पर सहमति नहीं बनने से भाजपा की पहली सूची में हिमाचल प्रदेश को जगह नहीं मिल पाई है। भाजपा पांच मार्च के बाद कभी भी अगली सूची जारी कर सकती है। मौजूदा सियासी घटनाक्रम की वजह से भी हिमाचल के टिकट दूसरी सूची में आने संभावित हैं। कांगड़ा से कांग्रेस के एक बागी विधायक को टिकट देने का विकल्प खुला है। चर्चा यह भी है कि भाजपा इस सीट पर सुधीर शर्मा के सामने प्रत्याशी बनने की पेशकश कर सकती है।
पर फिलहाल इसके नफे-नुकसान को आंका जा रहा है, क्योंकि कांगड़ा में ओबीसी और गद्दी फैक्टर की काट ढूंढना भी जरूरी है। सांसद किशन कपूर को भाजपा प्रत्याशी बनाए रखने पर संशय बना हुआ है। मंडी लोकसभा सीट से नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सबसे मजबूत उम्मीदवार माने जा रहे हैं, मगर केंद्रीय नेतृत्व उन्हें हिमाचल प्रदेश की राजनीति में ही सक्रिय रखना चाह रहा है। यहां पर कोई नया चेहरा तलाशा जा सकता है, जो सांसद प्रतिभा सिंह या विक्रमादित्य सिंह में से किसी एक के कांग्रेस उम्मीदवार होने की स्थिति में दमखम दिखा सके। शिमला लोकसभा सीट से तीन महिला प्रत्याशियों के नाम भी चल रहे हैं। इनमें रोहड़ू से भाजपा नेत्री शशिबाला, शिमला की पूर्व महापौर कुसुम सदरेट और सिरमौर के पच्छाद की भाजपा विधायक रीना कश्यप का नाम की भी चर्चा है।