अब काम के रिपोर्ट कार्ड पर ही लोग वोट करते हैं: नड्डा
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश में उमंग, हिम्मत, उत्साह की अलख जगाई है। पहले जाति, धर्म और इलाके के नाम पर वोट पड़ते थे, अब काम के रिपोर्ट कार्ड पर ही लोग वोट करते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश के सभी सीमाओं तक सड़क पहुंचाने का काम किया है। पहले तिब्बत सीमा से सटे किन्नौर का आखिरी गांव छितकुल के नाम से जाना जाता था लेकिन केंद्र की मोदी सरकार ने वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत प्रथम गांव बनाया है। कहा कि किन्नौर में दुख-सुख में भाजपा नेता सूरत नेगी ही दिखते हैं, बाकि कांग्रेस के नेता नहीं दिखते। उन्होंने कहा कि कंगना ने फिल्मी दुनिया में नाम कमाया है और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। इसलिए उनका हक बनता है उन्हें भी राजनीति में स्थान मिलना चाहिए। नड्डा ने कुमारसैन व रोहड़ू में भी जनसभा को संबोधित किया।
विक्रमादित्य रामपुर की खस्ताहाल सड़कों को दुरुस्त नहीं कर पा रहे तो पूरे मंडी का क्या विकास करेंगे: नड्डा
प्रदेश की कांग्रेस सरकार ज्यादा दिन तक चलने वाली नहीं है, उनके कार्यकाल का पूरा हिसाब लिया जाएगा। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने ननखड़ी में आयोजित रैली में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा। उन्होंने कहा कि मंडी लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह की कांग्रेस सरकार को आपदा के बाद 1782 करोड़ रुपये राहत कार्य के लिए केंद्र सरकार की ओर से दिए है, लेकिन यह कांग्रेस सरकार इन पैसों को बंदरबांट कर रही है जिसका पूरा हिसाब-किताब लिया जाएगा। प्रधानमंत्री ने ढाई हजार करोड़ रुपये प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत दिए हैं। नड्डा ने कहा कि प्रतिभा सिंह तीन बार सांसद रहीं लेकिन अपने गृहक्षेत्र में विकास करने में नाकाम रहीं। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग में विक्रमादित्य सिंह मंत्री रहते हुए भी रामपुर उपमंडल में खस्ताहाल सड़कों को दुरुस्त नहीं कर पा रहे हैं, वे पूरे मंडी संसदीय क्षेत्र का क्या विकास करेंगे। इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने भी जनसभा को संबोधित किया । सांसद डाॅ. सिकंदर और पूर्व भाजपा प्रत्याशी रामपुर विधानसभा क्षेत्र कौल नेगी ने भी जनसभा को संबोधित किया।