सर्विस वोटरों की सुविधा के लिए ई-पोस्टल बैलेट
निर्वाचन आयोग ने सर्विस वोटरों की सुविधा के लिए ई-पोस्टल बैलेट लागू किया है। पोस्टल मतदान के तरीके में बदलाव करते हुए इसे आनलाइन माध्यम से मतदाता तक पहुंचाने की व्यवस्था की है। सर्विस वोटरों को ई-मेल के जरिए पोस्टल बैलेट भेजा जाएगा। अब तक यह पोस्टल बैलेट डाक से भेजे जाते थे। सर्विस वोटर को ई-मेल भी भेजी जाएगी जिसमें पिन होगा। पिन व मोबाइल नंबर भरने पर वोटर के मोबाइल पर वन टाइम पासवर्ड आएगा। पासवर्ड डालने पर ही पोस्टल बैलेट, लिफाफे का प्रिंट निकलेगा। वोट डालने के बाद पोस्टल बैलेट लिफाफे में डालकर डाक विभाग की स्पीड पोस्ट के जरिए भेजा जाएगा।
66390 सर्विस वोटरों को ई-पोस्टल बैलेट जारी : मनीष
प्रदेश के 66390 सर्विस वोटरों को शनिवार 3 बजे तक ई-पोस्टल बैलेट जारी कर दिए गए हैं। 4 जून को मतगणना से पहले डाक के माध्यम से प्राप्त पोस्टल बैलेट की गणना की जाएगी।
- मनीष गर्ग, राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी
70,000 चुनाव कर्मियों से रिटर्निंग अधिकारी डलवाएंगे वोट
लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव में सेवाएं देने वाले चुनाव कर्मियों से संबंधित रिटर्निंग अधिकारी वोट डलवाएंगे। 23 से 25 मई और 29 से 30 मई तक होने वाले मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण के दौरान, पोस्टिंग स्थल या चुनाव ड्यूटी के दौरान वोट डलवाए जाएंगे। प्रशिक्षण में मतदान कर्मियों के लिए विधानसभा वार सुविधा केंद्रों पर पोस्टल बैलेट से मतदान की सुविधा उपलब्ध होगी। मुख्यालय स्तर पर भी सुविधा केंद्र बनाए जाएंगे। यहां उन मतदान कर्मियों का पोस्टल बैलेट से मतदान होगा जो संबंधित जिले के निवासी हैं लेकिन उनकी चुनाव ड्यूटी दूसरे जिले में लगी है।
9 से 31 मई तक वोट डाल सकेंगे अनिवार्य सेवाओं के कर्मी
पुलिस कर्मी, एचआरटीसी स्टाफ और अनिवार्य सेवाओं में सेवारत कर्मी रिटर्निंग अधिकारी और सहायक रिटर्निंग अधिकारी के पास वोटर सुविधा केंद्रों में 29 से 31 मई के बीच पोस्टल बैलेट से मतदान कर सकेंगे। 2 जून को सभी पोस्टल बैलेट शिमला के चौड़ा मैदान आईटीआई में बनाए गए राज्य स्तरीय क्लीयरिंग सेंटर पहुंचेंगे और यहां से मतगणना केंद्रों के लिए भेजे जाएंगे।