मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले पांच साल गरीब लोगों को पक्का घर, रसोई गैस, बिजली और मुफ्त इलाज की सुविधा देने में लगा दिए।
वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, उनकी मां और जीजा समेत कई बड़े नेता पिछली कांग्रेस सरकार में किए लाखों करोड़ रुपये के घोटालों में अदालतों के चक्कर काट रहे हैं। ये सभी कोर्ट से जमानत पर छूटकर नरेंद्र मोदी के खिलाफ झूठे आरोप लगा रहे हैं।
शिमला में भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह बात कही। उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय सचिव और प्रदेश के चुनाव प्रभारी भी थे।
सीएम ने कहा कि चीन और पाकिस्तान भारत में अपने गुर्गों के जरिए गड़बड़ी फैलाने की कोशिशें पहले से करते आ रहे हैं, लेकिन उन्हें ज्यादा सफलता नहीं मिलती थी।
अब चारों तरफ से मोदी के पक्ष में जय-जयकार देखकर विपक्षी नेता बौखला गए हैं। समीक्षा बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री चंद्रमोहन ठाकुर, उपाध्यक्ष गणेश दत्त, सांसद वीरेंद्र कश्यप और विभिन्न चुनाव समितियों के सदस्य उपस्थित थे।