सीएम जयराम ठाकुर ने विपक्षी गठबंधन को चुनावी शादी में ऐसी बरात बताया है, जिसमें दूल्हा बनने के लिए छोटी-छोटी पार्टियों में घमासान मचा हुआ है। दूसरी तरफ भाजपा के नेतृत्व में एनडीए नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाएगा।
हिमाचल की समझदार जनता नरेंद्र मोदी के खाते में राज्य की चारों सीटें डाल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव में झूठे वायदे करके लोगों को मूर्ख नहीं बना सकती है। जयराम ने गुरुवार को कहा कि लोकसभा के चुनाव देश की किस्मत का फैसला करते हैं।
वर्ष 2014 तक 10 साल मनमोहन सिंह के नेतृत्व में देश ने विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा के मोर्चे पर बहुत नुकसान उठाया। पाकिस्तान के हमलों का मनमोहन सरकार जवाब नहीं देती थी। सेना के हाथ बांध दिए गए थे। जम्मू-कश्मीर में मोदी सरकार ने आतंकवादियों को कुचलने के लिए सेना को खुली छूट दी।
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में सर्जिकल स्ट्राइक और पाकिस्तान में घुसकर हवाई हमले करके सेना ने आतंकवादियों को मारा। इससे पाकिस्तान को भी सबक मिला। दावा किया कि जनता नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने के लिए संकल्प कर चुकी है।