सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि यदि उर्जा मंत्री अनिल शर्मा अपने बेटे के पक्ष में प्रचार करते हैं तो विस सदस्यता खो देंगे। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि अनिल शर्मा लोकसभा चुनाव में मंडी से कांग्रेस प्रत्याशी अपने बेटे आश्रय शर्मा के पक्ष में प्रचार करते हैं तो उनसे इस्तीफा लेने की नौबत नहीं आएगी, बल्कि उनकी पार्टी सदस्यता के साथ विधानसभा सदस्यता भी खत्म हो जाएगी।
कहा कि कानून, संविधान और चुनाव आयोग के मुताबिक वह भाजपा के विधायक हैं और उन्हें पार्टी के लिए काम करना है। मंत्रिमंडल से हटते हैं तो भी वह भाजपा के विधायक हैं। विधायक के रूप में तब तक होंगे, जब तक वह पार्टी में होंगे। पालमपुर में पत्रकारों के सवालों पर मुख्यमंत्री जयराम ने कहा कि अनिल शर्मा ने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा है। लिहाजा, चुनाव आयोग के अनुसार उनका भाजपा के लिए प्रचार का काम करना है।